आतिशबाजी, विद्युत व पुष्प सज्जा रही आकर्षण का केंद्र
महाभंडारा के साथ अनुष्ठान का समापन, दिनभर लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता
जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में बने भव्य श्रीराम मंदिर की छठे वर्षगांठ पूरे उत्साह, भक्तिभाव एवं श्रद्धापूर्वक मनाई गई. शनिवार को श्रीराम मंदिर के वर्षगांठ पर सुंदरकांड का संपूर्ण पाठ हुआ. इससे पहले, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राम दरबार की विधि-विधान से पूजा की गयी. पूजन में पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास शामिल हुए. सुंदरकांड के पश्चात सामूहिक महाआरती की गई. पूर्व सीएम रघुवर दास ने राम मंदिर में दीपक जलाया और धीरे धीरे दीपों की सुंदर कतार सज गयी. इस अवसर पर महिलाओं ने कई रंगोली बनाकर जय श्री राम नाम के दीपक सजाए. संध्याकाल में आयोजित महाआरती में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भक्तों के संग आरती की और शहरवासियों के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.
सिदगोड़ा सूर्यधाम में श्री शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा, गरुड़ स्तंभ स्थापना एवं श्रीराम मंदिर स्थापना के छठे वर्षगांठ पर चार दिवसीय अनुष्ठान शनिवार को विशाल महाभण्डारा के साथ समापन हुआ. संध्या 6 बजे से लेकर देर रात तक चले भंडारे में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, अमरजीत सिंह राजा, प्रेम झा, कंचन दत्ता, प्रमोद मिश्रा, मिथिलेश सिंह यादव, गुंजन यादव सहित कई सदस्य मौजूद थे.
