April 19, 2026

अपनी पत्नी संग कई राज्यों की यात्रा कर शहर लौटे अजय

IMG-20260301-WA0001

दिया सडक़ सुरक्षा का संदेश, 28 दिनों में भ्रमण किये 19 राज्य व 4 केन्द्रशासित प्रदेश

जमशेदपुर : अपनी कार से पूरे देश का भ्रमण कर आदित्यपुर निवासी एवं टाटा स्टीलकर्मी अजय मुस्कान शनिवार को शहर लौटे. 28 दिनों तक चली इस विशेष यात्रा में उन्होंने अपनी संगिनी प्रीति मिश्रा के साथ करीब 15 हजार किलोमीटर की दूरी स्वयं कार चलाकर तय की. यात्रा का उद्देश्य देशभर में सुरक्षित यातायात और सडक़ सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना था. शहर लौटने के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए अजय मुस्कान ने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन का एक नया अध्याय साबित हुई. उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने 19 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों का भ्रमण किया.
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जहां भी अवसर मिला, वहां लोगों से संवाद कर सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया. यात्रा में उनकी सहयात्री रहीं पत्नी प्रीति मिश्रा ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस यात्रा ने देश की विविधता में एकता को करीब से समझने का अवसर दिया. उन्हें यह महसूस हुआ कि भारत वास्तव में एक है. ज्ञात हो कि अजय मुस्कान और प्रीति मिश्रा दोनों ही यात्रा प्रेमी हैं और इससे पहले विदेशों के कई देशों की यात्राएं भी कर चुके हैं. अजय मुस्कान शहर के एक प्रसिद्ध साहित्यकार भी हैं तथा विभिन्न सामाजिक और साहित्यिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं.

You may have missed