May 9, 2026

Jamshedpur Workers College Me Arts And Science Stream Band Se Akrosh : वर्कर्स कॉलेज से कला एवं विज्ञान संकाय हटाने के फैसले पर छात्रों का हंगामा

IMG-20260509-WA0002

अभाविप ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

कोल्हान विश्वविद्यालय और राज्य सरकार के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, गरीब एवं ग्रामीण विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के स्नातक स्तर से कला एवं विज्ञान संकाय हटाने के निर्णय के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. छात्रों ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं झारखंड सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया. अभाविप ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देश पर पाठ्यक्रम पुनर्गठन के नाम पर मानगो क्षेत्र के एकमात्र अंगीभूत महाविद्यालय से कला एवं विज्ञान संकाय समाप्त किया जा रहा है, जिससे हजारों गरीब एवं ग्रामीण छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है.
छात्रों ने कहा कि वर्तमान में बीए प्रथम, तृतीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर के साथ-साथ स्नातकोत्तर के छात्र भी अध्ययनरत हैं. ऐसे में अचानक संकाय हटाने से उनकी पढ़ाई, परीक्षा और डिग्री प्रभावित होगी. परिषद के पूर्व प्रदेश सह मंत्री बापन घोष ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन अविलंब इस नोटिस को वापस लेकर सभी छात्रों का नामांकन सुनिश्चित करे, अन्यथा छात्रहित में आंदोलन और उग्र किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पीजी की पढ़ाई के लिए जमशेदपुर से 80 किलोमीटर दूर चाईबासा जाना अधिकांश छात्रों के लिए संभव नहीं है. उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. परिषद ने चेतावनी दी कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो अनिश्चितकालीन आंदोलन, तालाबंदी एवं व्यापक छात्र आंदोलन किया जाएगा. प्रदर्शन में नगर मंत्री अभिषेक कुमार, पूर्व प्रदेश सह मंत्री बापन घोष, कॉलेज इकाई अध्यक्ष शुभम राज, प्रियांशु राज, गौतम कुमार, विवेकानंद कुमार, जयंत कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

You may have missed