June 3, 2026

दिल्ली के एक होटल में लगी भीषण आग, 20 लोगों की मौत… PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

WhatsApp-Image-2026-06-03-at-12.44.18-PM-2026-06-24098bafa94671398714966f2ee8d117

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बहुमंजिला होटल-रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर फंसे लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों से कूदने लगे। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 37 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है।

हौज रानी इलाके में स्थित “लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट” में सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की खबर सामने आई। देखते ही देखते आग बेसमेंट से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, इमारत के अंदर धुआं इतना भर गया था कि लोगों को सांस लेना मुश्किल हो गया। कई लोग मदद के लिए चीखते रहे, जबकि कुछ ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी।

दमकल विभाग को करीब 9:45 बजे सूचना मिली, जिसके बाद कई फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। घंटों की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने 37 लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में बड़ा खुलासा भी सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस होटल को केवल 6 कमरों की अनुमति मिली थी, लेकिन यहां कथित तौर पर करीब 25 कमरे चलाए जा रहे थे, जिनमें कई बेसमेंट में बने हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी और अवैध निर्माण ने इस हादसे को और भयावह बना दिया।

बताया जा रहा है कि इमारत में ठहरे कई लोग पास के मैक्स अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन थे। कुछ विदेशी नागरिकों के भी वहां मौजूद होने की जानकारी मिली है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने मामले की जांच के आदेश देते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं। सवाल यही उठ रहा है कि आखिर राजधानी में सुरक्षा नियमों की अनदेखी कब तक लोगों की जान लेती रहेगी?