March 15, 2026

शैक्षणिक उत्कृष्टता व समग्र शिक्षा के प्रति प्रतिवद्धता को किया दृढ़

IMG-20260315-WA0000

लोयोला स्कूल टेल्को में शिक्षकों के लिये ओरिएंटेशन कार्यक्रम

जमशेदपुर : नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के अवसर पर लोयोला स्कूल, टेल्को में शिक्षकों के लिए एक उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और समग्र शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को पुन: दृढ़ करना था. विद्यालय की प्राचार्या चरणजीत ओहसन, फादर जेरी, फादर ऑस्कर होरो, समन्वयकगण, मॉडरेटर तथा शिक्षकों के सदस्य उपस्थित थे. कार्यक्रम के विशिष्ट वक्ता फादर डॉ. जोसेफ मैथ्यू की उपस्थिति थी, जो एक्सएलआरआई ज़ेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में जे.आर.डी. टाटा चेयर फॉर बिजऩेस एथिक्स के चेयर प्रोफेसर तथा ऑर्गनाइजेशनल बिहेवियर और जनरल मैनेजमेंट के संकाय सदस्य हैं. शिक्षिका अंकिता ने संसाधन वक्ता का परिचय कराया और उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक तथा पेशेवर योगदानों के बारे में जानकारी दी.
कार्यक्रम के दौरान फादर डॉ. जोसेफ मैथ्यू का सम्मान भी किया गया. फादर गेरी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, जबकि प्राचार्या ने उन्हें पौधा भेंट कर आभार जताया. कार्यक्रम में जेसुइट शिक्षा के मूल्यों पर आधारित कई प्रेरक और चिंतनशील सत्र आयोजित किए गए. इन चिंतन और संवादों के माध्यम से कार्यक्रम ने शिक्षकों को ज्ञान, करुणा और उत्कृष्टता के साथ युवा मनों को विकसित करने के अपने संकल्प को नवीनीकृत करने के लिए प्रेरित किया. सत्रों में एक शिक्षक के धर्म, शिक्षा में ‘मैजिस’ की भावना तथा ‘क्यूरा पर्सोनालिस’ के महत्व पर भी चर्चा की गई.