अलग-अलग विषयों पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया सामूहिक ड्रिल
जुस्को स्कूल साउथ पार्क के खेलकूद समारोह में जुटे 1700 विद्यार्थी, मार्च पास्ट भी रहा आकर्षक
जमशेदपुर : जुस्को स्कूल, साउथ पार्क का वार्षिक खेलकूद समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यालय के लगभग 1700 विद्यार्थियों ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक मार्च पास्ट से हुई, जिसमें छात्रों ने प्रकृति के पांच तत्वों का प्रतिनिधित्व करते हुए अनुशासन, एकता और संगठनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. समारोह में कैप्टन मनीष सिन्हा (हेड स्पोर्ट्स, इवेंट्स एंड ट्रेनिंग सेंटर्स, टाटा स्टील) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि ए. एफ. मैडन (एडमिनिस्ट्रेटर, जेईएम फाउंडेशन) विशिष्ट अतिथि रहे. इस अवसर पर जिजू थॉमस, सीनियर मैनेजर, जेईएम फाउंडेशन से संबद्ध विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यगण भी मौजूद थे. मौके पर क्लास 2 से 7 तक के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक ड्रिल डिस्प्ले में ‘शांति एवं सद्भाव’, ‘भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत’, ‘योग द्वारा स्वास्थ्य’ तथा ‘ताइक्वांडो के माध्यम से आत्मरक्षा’ जैसे विषयों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया.
खेलकूद समारोह के दौरान बेस्ट एथलीट पुरस्कार प्रदान किए गए. क्लास 11 एवं 12 वर्ग में ऋषभ पांडे, रौनक कुमार एवं आकांक्षा कुमारी, क्लास 8, 9 एवं 10 वर्ग में पवन देव पुर्ति एवं स्वर्णा कुमारी तथा क्लास 6 एवं 7 वर्ग में विहान सिंह एवं ज़ैनब निशा को सम्मानित किया गया. मार्च पास्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जल हाउस को ‘बेस्ट इन मार्च पास्ट’ ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि समग्र प्रदर्शन के आधार पर अग्नि हाउस ने ‘चैंपियन हाउस’ का खिताब अपने नाम किया. विद्यालय की प्राचार्या मिली सिन्हा ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत महत्वपूर्ण है, परंतु खेलों में सहभागिता और ईमानदार प्रयास का महत्व उससे भी अधिक है. कार्यक्रम के सफल आयोजन में उप-प्राचार्या गुरमीत कौर, समन्वयक रंजीता सिंह एवं नेहा परवीन, तथा खेल शिक्षक निखिल राय, सुनील सिन्हा, हेमंत रजक एवं पानो मार्डी का उल्लेखनीय योगदान रहा.
