Khunti Murhu Communal Clash Ram Navmi : खूंटी के मुरहू में रामनवमी जुलूस के बाद भारी हिंसा, थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल, पूरे इलाके में निषेधाज्ञा लागू
Khunti Murhu Communal Clash Ram Navami
Khunti : झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू में शुक्रवार को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान शुरू हुआ विवाद शनिवार को हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दो समुदायों के बीच जमकर हुई पत्थरबाजी में मुरहू थाना प्रभारी नोयेएल गोडविन केरकेट्टा सहित कई पुलिसकर्मी और आम नागरिक घायल हो गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मुरहू क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है और बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों और वीएचपी नेताओं पर हमला
हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अध्यक्ष विनोद जायसवाल, प्रियांक भगत और मुकेश जायसवाल की गाड़ियों को निशाना बनाया। हमले में उनके वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और वे घायल हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने गोली चलाने वाले आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
भारी पुलिस बल और वज्र वाहन तैनात
हालात पर काबू पाने के लिए खूंटी जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। मौके पर एसडीएम दीपेश कुमारी, एसडीपीओ वरुण रजक, हेडक्वार्टर डीएसपी अखिल कुजूर सहित कई प्रखंडों के बीडीओ और सीओ तैनात हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत:
- सुरक्षा बल : रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की क्यूआरटी टीम, पुरुष एवं महिला पुलिस बल और आसपास के थानों से अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है।
- दंगा नियंत्रण : मौके पर वज्र वाहन, वाटर कैनन और अश्रु गैस के गोलों के साथ पुलिस मुस्तैद है।
- निषेधाज्ञा : साउंड सिस्टम के जरिए लोगों को इकट्ठा न होने और क्षेत्र खाली करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
जांच के बाद दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : SDM दीपेश कुमारी
अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) दीपेश कुमारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। उन्होंने कहा, “रामनवमी जुलूस के दौरान पत्थरबाजी से यह विवाद शुरू हुआ। पत्थर कहाँ से आए, इसकी गहन जांच की जा रही है। एसडीपीओ को पूरे मामले की तफ्तीश का निर्देश दिया गया है।” प्रशासन ने दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बहाली की अपील की है और स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस की गश्ती तेज कर दी गई है और लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने का आग्रह किया गया है।
Also Read : Jamshedpur Banna Ramnavami Julus : डंका की धुन पर बन्ना गुप्ता ने भांजी लाठियां
