ऊर्जा क्रांति की रफ्तार बढ़ाएगा अदाणी का बड़ा प्लान
भारत में स्वच्छ ऊर्जा को नई गति देने की दिशा में अदाणी समूह ने बड़ा विज़न पेश किया है। अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा, सस्ती बिजली और सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए तेज़ी से विद्युतीकरण (Electrification) बेहद आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब यह विकल्प नहीं, बल्कि समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है।
उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रीन 2030 तक 50 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। गुजरात के खावड़ा में विकसित हो रहा दुनिया का सबसे बड़ा नवीकरणीय ऊर्जा पार्क इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य का प्रमुख केंद्र होगा, जहां बड़े पैमाने पर ऊर्जा उत्पादन को आधुनिक स्टोरेज तकनीकों के साथ एकीकृत किया जा रहा है।
अदाणी समूह ऊर्जा परिवर्तन और उससे जुड़ी आधारभूत संरचना पर 100 अरब डॉलर से अधिक निवेश की प्रतिबद्धता जता चुका है। इसके तहत ट्रांसमिशन, ग्रीन हाइड्रोजन, ऊर्जा भंडारण, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ाया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ये योजनाएं तय समय पर पूरी होती हैं, तो भारत स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकता है।
