March 7, 2026

अंधविश्वास से रहें दूर, डॉक्टरों से कराएं इलाज

IMG-20260307-WA0010

● ईएसआईसी के स्थापना दिवस पर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य मेला सह जागरूकता कार्यक्रम

जमशेदपुर : कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के स्थापना दिवस एवं विशेष सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आदित्यपुर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य मेला सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक लघु नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बीमारी के समय भूत-प्रेत और अंधविश्वास पर भरोसा करने के बजाय समय पर डॉक्टर से उपचार कराना चाहिए. इस प्रस्तुति ने लोगों को वैज्ञानिक सोच अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम में गीता श्लोक पाठ भी किया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक और सकारात्मक बना. उपस्थित लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सीओपी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया. कार्यक्रम को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम स्थल पर एक आयुर्वेदिक स्टॉल भी लगाया गया, जहां देशी औषधियों का प्रदर्शन किया गया तथा एक आयुर्वेदिक चिकित्सक द्वारा उनके उपयोग और लाभ के बारे में जानकारी दी गई. साथ ही एक योग प्रशिक्षक भी उपस्थित थे, जिन्होंने योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में मार्गदर्शन दिया. इस अवसर पर कई गणमान्य उद्योगपति एवं विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान ईएसआई के तीन विशेष लाभुकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने ईएसआईसी से प्राप्त स्वास्थ्य सेवाओं के अपने अनुभव साझा किए.
कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल के अधीक्षक डॉ. प्रद्युम्न कुमार सिंह के स्वागत भाषण से हुई. उन्होंने अस्पताल की उपलब्धियों और ईएसआईसी द्वारा लाभार्थियों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी. अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सौमेंद्र नाथ साहा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी, लाभार्थी तथा स्थानीय लोग काफी संख्या में उपस्थित रहे.