अस्पताल परिसरों में लगेगा वाटर एटीएम व क्रय समिति के पुनर्गठन का निर्णय
उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक हुई, जिसमें एनएचएम के रिक्त पदों पर भर्ती, स्वास्थ्य सलाहकार का चयन, एनएचएम एवं आयुष्मान भारत फंड हेतु समवर्ती लेखा परीक्षक का अनुमोदन, घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में आईसीयू सेवाओं तथा जिला अस्पताल में पीआईसीयू संचालन, जिला स्टोर ऑडिट एवं एसेट असाइनमेंट टीम का गठन पर चर्चा की गई. स्वास्थ्य संस्थानों में उपकरण, दवाओं एवं संसाधनों की बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने हेतु जिला स्तर पर स्टोर ऑडिट एंड एसेट्स एसाइनमेंट टीम गठित करने का निर्णय लिया गया.
सदर अस्पताल परिसर में पार्किंग समस्या पर भी चर्चा की गई तथा अतिरिक्त होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति करते हुए सुचारू व्यवस्था का निर्देश दिया गया. कई अन्य विषय भी समिति के समक्ष रखे गए जिनमें अस्पताल परिसर में कैंटीन का संचालन, अस्पताल परिसरों में वॉटर एटीएम लगाने, क्रय समिति का पुनर्गठन पर निर्णय लिया गया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसीएमओ, सभी एमओआईसी, डीपीएम, डीपीसी, डीडीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. इस अवसर पर निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, जिला योजना पदाधिकारी सुदीप्त राज व अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.

