April 12, 2026

Bahragora Accident : बहरागोड़ा में अनियंत्रित ट्रेलर होटल में घुसा, फिर बाइक सवार को रौंदा; एक की मौत, सात घायल

Bahragora Accident

Bahragora Accident

Bahragora : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खांडामौदा चौक शुक्रवार की रात चीख-पुकार से दहल उठा। रात करीब सवा नौ बजे एक बेकाबू ट्रेलर ने भारी तबाही मचाई, जिसमें एक बाइक सवार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि होटल में मौजूद सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़क पर भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बाइक सवार को लिया चपेट में

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहे और पत्थरों की खेप खड़गपुर में खाली करने के बाद एक खाली ट्रेलर (संख्या स्पष्ट नहीं) केन्दुझोर की ओर जा रहा था। खांडामौदा चौक के पास पहुँचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि होटल का अगला हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। वहाँ मौजूद लोगों ने भागकर बमुश्किल अपनी जान बचाई, लेकिन ट्रेलर यहीं नहीं रुका। अनियंत्रित वाहन ने सड़क पार कर रहे एक बाइक सवार को बेरहमी से रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

hemkund-public-school

घायलों की स्थिति नाजुक, CHC में भर्ती

हादसे में घायल हुए सात लोगों को स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से तत्काल एम्बुलेंस द्वारा बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। घायलों में कुछ की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। मृतक बाइक सवार की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं, फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों का आक्रोश: NH-49 पर लगाया जाम

सड़क पर मचे इस मौत के तांडव को देख स्थानीय लोग उग्र हो गए। ग्रामीणों ने भागने का प्रयास कर रहे ट्रेलर चालक को दौड़ाकर पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। आक्रोशित लोगों ने NH-49 को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से गति सीमा नियंत्रण के ठोस उपाय नहीं किए जा रहे हैं।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, ट्रेलर जब्त

घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया और यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही ही इस भयावह हादसे का कारण नजर आ रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

You may have missed