बाल मेले में बच्चों का उत्साह बढ़ाने कल आएंगे राज्यपाल
● बाल मेला स्मारिका का करेंगे लोकार्पण, प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया आयोजन स्थल का जायजा
जमशेदपुर : स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे चतुर्थ बाल मेला में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार कल, 19 नवंबर को प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे. वे मेला स्थल बोधि मैदान, गरमनाला साकची में अपराह्न 3 बजे पहुंचेंगे. मेला परिसर में वे एक घंटा रहेंगे. इस दौरान बीते चार साल में मेला की गतिविधियों पर केंद्रित स्मारिका का लोकार्पण करेंगे. यह जानकारी राजभवन से प्राप्त पत्र में दी गई है. गौरतलब है कि 14 नवंबर को बाल मेले का उद्घाटन प्रदेश के वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने किया था. मेले में खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ ही सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, नृत्य, जादू शो, हैंड शो आदि का आयोजन हो रहा है. बाल संरक्षण अधिनियम पर संगोष्ठी भी हो चुकी है. मेले में प्रतिदिन सैकड़ों लोग आ रहे हैं जहां 42 स्टॉल्स भी लगाए गये हैं जिनमें स्थानीय हैंडमेड प्रोडक्ट्स खासे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.
राज्यपाल के आगमन को लेकर मेला मैदान का निरीक्षण
राज्यपाल संतोष गंगवार बुधवार, 19 नवंबर को चतुर्थ बाल मेला में शामिल होने के लिए जमशेदपुर आ रहे हैं. उनके आगमन के मद्देनजर मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मेला परिसर का निरीक्षण किया. राज्यपाल मेले में किस रास्ते से प्रवेश करेंगे, कहां किस व्यवस्था को दुरुस्त करना है, इन बातों पर चर्चा की गई. जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ थे. अधिकारियों में डीडीसी, एसडीएम और डिप्टी एसपी (ट्रैफिक) मौजूद थे.

