बच्चों का खुश, स्वस्थ और सुरक्षित रहना ज़रूरी
● लोयोला स्कूल का नर्सरी ओरिएंटेशन आयोजित
जमशेदपुर : लोयोला स्कूल ने आज फैसी ऑडिटोरियम में अपना नर्सरी ओरिएंटेशन आयोजित किया, जो माता-पिता और उनके नन्हे-मुन्नों के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है. कार्यक्रम का उद्देश्य माता-पिता को स्कूल के मूल्यों और अपेक्षाओं से परिचित कराना था, ताकि उनके बच्चे की शैक्षिक यात्रा में एक मज़बूत साझेदारी को बढ़ावा दिया जा सके. कार्यक्रम की शुरुआत रेक्टर फादर माइकल थानाराज ने प्रार्थना के साथ किया. प्रिंसिपल फादर विनोद फर्नांडिस ने बच्चों के भविष्य को संवारने में माता-पिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और इस बात पर ज़ोर दिया कि हमारे बच्चों का खुश, स्वस्थ और सुरक्षित रहना ज़रूरी है.
माता-पिता को ‘तरुमित्र सेंटर फॉर इकोलॉजी’ से भी परिचित कराया गया. इसे मानगो में एक ‘जैव विविधता पार्क’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ छात्रों के रहने की भी सुविधा होगी, ताकि वे अपने सप्ताहांत (weekends) का सदुपयोग करते हुए पर्यावरण और प्रकृति के बारे में ज्ञान और अनुभव प्राप्त कर सकें.
एक वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से पिछले शैक्षणिक सत्र की स्कूल की गतिविधियों को दिखाया गया, जिससे माता-पिता को लोयोला के जीवन की एक झलक मिली. वाइस प्रिंसिपल विनीता एफ. एक्का ने माता-पिता से स्कूल की अपेक्षाओं को रेखांकित किया और बच्चों को स्कूल के माहौल में ढलने में मदद करने के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए. कार्यक्रम में कक्षा 4 और 5 के छात्रों द्वारा एक भावपूर्ण प्रार्थना नृत्य और एक हृदयस्पर्शी प्रार्थना गीत भी प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया. एलकेजी से कक्षा 5 तक के छात्रों के माता-पिता के लिए भी 2 बैचों में ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए गए.
