February 17, 2026

बच्चों ने सीखी जीन बनाने की विभिन्न प्रक्रियाएं

IMG-20260217-WA0001

पोटका प्रखंड में ‘महुआ साइलेंट जीन प्रोजेक्ट’ की हुई शुरुआत

जमशेदपुर : पोटका प्रखंड के बच्चों के लिए एक अनूठी रचनात्मक पहल ‘महुआ साइलेंट ज़ीन प्रोजेक्ट’ की शुरुआत हुई. यह परियोजना यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन (युवा) और फुल टाइम हेजहोग स्टूडियो (शैलज़ा) के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास है. परियोजना की रूपरेखा कलाकार शैलज़ा ने तैयार की है. वहीं, युवा एक सामुदायिक भागीदार के रूप में अपने प्रशिक्षकों के माध्यम से इस पहल को समुदाय तक पहुंचा रहा है. कार्यशालाएं पोटका प्रखंड के पोटका और टांगराईन स्कूल में आयोजित की गईं, जिनमें कुल 50 बच्चे शामिल हुए.
परियोजना के प्रथम चरण में दो स्कूलों में दो दिवसीय कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने ‘ज़ीन’ (स्व-निर्मित लघु पत्रिका) की अवधारणा को समझा. उन्होंने ज़ीन बनाने की विभिन्न प्रक्रियाएं सीखीं, कला की अलग-अलग शैलियों का अभ्यास किया और अंतत: अपनी स्वयं की ज़ीन तैयार की. इस दौरान बच्चों ने महुआ वृक्ष और उसके आसपास मौजूद जीव-जंतुओं व पक्षियों के पारिस्थितिक संबंधों को समझा. पहले सत्र में बच्चों ने झीनक (साही) और महुआ पेड़ के संबंध को जाना और कला के माध्यम से उसे अभिव्यक्त किया. उक्त परियोजना में खेल, कहानियां और कविताएं भी शामिल की गई हैं. बच्चों की रचनाओं को ऑनलाइन प्रदर्शित किया जाएगा. वर्ष के अंत में एक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें बच्चों की रचनात्मक यात्रा और उनकी पर्यावरणीय संवेदनशीलता को प्रस्तुत किया जाएगा. कार्यशाला को सफल बनाने में ‘युवा’ की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती तथा युवा के कार्यकर्ताओं कापरा माझी, चांदमनी, अंजना, चंद्रकला और अरूप की अहम भूमिका रही.