भाजपा महानगर अध्यक्ष बनेंगे संजीव सिन्हा, घोषणा शनिवार को
साकची पार्टी कार्यालय में एकमात्र नामांकन, जिला चुनाव अधिकारी व चुनाव पर्यवेक्षक रहे मौजूद
जमशेदपुर : भाजपा महानगर अध्यक्ष पद पर संजीव सिन्हा की ताजपोशी की तैयारी हो गई. साकची पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को जिला चुनाव पदाधिकारी मनोज सिंह तथा चुनाव पर्यवेक्षक बिरंची नारायण की मौजूदगी में संजीव का एकमात्र नामांकन हुआ, जिससे अब इस पद पर सभी अटकलों पर विराम लग गया. महानगर अध्यक्ष पद उनके नाम की घोषणा कल, शनिवार को की जाएगी. साथ ही प्रदेश परिषद प्रतिनिधि के नामों की भी घोषणा कल होगी.
प्रदेश परिषद प्रतिनिधि के रूप में पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष बिनोद सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह एवं किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मुचिराम बाउरी ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए. इस अवसर पर जमशेदपुर महानगर के वर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा, वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
नामांकन प्रक्रिया के पश्चात जिला चुनाव अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि संगठन पर्व के अंतर्गत जमशेदपुर महानगर में जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश परिषद प्रतिनिधियों के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है. प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह प्रक्रिया संपन्न हुई. पूर्व में मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रतिनिधियों की घोषणा के बाद जिलाध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी की गई थी. वर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने जानकारी दी कि शनिवार, 10 जनवरी को अपराह्न 1 बजे साकची जिला कार्यालय में जिला चुनाव अधिकारी मनोज सिंह एवं चुनाव पर्यवेक्षक बिरंची नारायण द्वारा नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश परिषद प्रतिनिधियों की औपचारिक घोषणा कार्यकर्ताओं के समक्ष की जाएगी.
