भारत की स्वतंत्रता संग्राम की गाथा में झारखंड की वीर भूमि का योगदान स्वर्णाक्षरों में अंकित
● गणतंत्र दिवस पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गोपाल मैदान में किया झंडोतोलन, जिलावासियों को दी शुभकामनाएं
जमशेदपुर : गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह बिस्टुपुर गोपाल मैदान में आयोजित किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने झण्डारोहण किया एवं परेड की सलामी ली. इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता संग्राम की गाथा में झारखंड की वीर भूमि का योगदान स्वर्णाक्षरों में अंकित है. भगवान बिरसा मुंडा, सिदो कान्हू, तेलंगा खड़िया, तिलका मांझी तथा असंख्य आदिवासी एवं लोकनायकों ने जल-जंगल-जमीन, स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा हेतु अद्वितीय संघर्ष किया और राष्ट्रीय आंदोलन को जन-जन तक पहुँचाया. इसी गौरवशाली परंपरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने भी आदिवासी अस्मिता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष कर झारखंड की राजनीतिक चेतना को नई दिशा दी.
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात, सिंहभूम की यह पावन धरती लौहपुरुष जमशेदजी टाटा की औद्योगिक दृष्टि, श्रमिक परंपरा और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों के साथ राष्ट्र के औद्योगिक विकास की धुरी बनी. राष्ट्र रक्षा के क्षेत्र में भी पूर्वी सिंहभूम के असंख्य वीर सपूतों ने सीमाओं पर अपने प्राणों की आहुति देकर भारत की संप्रभुता, अखंडता और गौरव की रक्षा की है. समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषभ गर्ग, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार शिवाशीष, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एसओआर सह एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद, निदेशक एनईपी सह अपर उपायुक्त संतोष गर्ग समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए.
● परेड में जिला महिला पुलिस व झांकी में परिवहन विभाग को प्रथम स्थान
समारोह में परेड का प्रदर्शन एवं झांकी मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहे. परेड में 9 टुकड़ियां शामिल हुई जिसमें जिला महिला पुलिस को प्रथम, झारखंड सशस्त्र पुलिस (पुरूष)-06 को द्वितीय तथा जिला पुलिस (डीएपी) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. वहीं झांकी में प्रथम स्थान परिवहन, द्वितीय स्थान शिक्षा और तृतीय स्थान समाज कल्याण विभाग की झांकी को प्राप्त हुआ. इस अवसर पर विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में सैन्य सम्मान से अलंकृत सैनिकों जूनियर वारंट ऑफिसर (शौर्य चक्र) मो. जावेद, हवलदार रघुनाथ हांसदा (सेना मेडल) तथा झारखंड आंदोलनकारियों तनवीर अहमद, मो एजाजुल हक, मो मुस्ताक, मो मकसुद आलम, मो. इलियास को सम्मानित किया गया.
● वरीय पदाधिकारी एवं कार्यालय प्नधान ने राष्ट्रीय झंडे को दी सलामी
गणतंत्र दिवस पर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आवासीय ( गोपनीय) कार्यालय, समाहरणालय एवं रेड क्रॉस भवन, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने आवासीय (गोपनीय) कार्यालय, एसएसपी कार्यालय एवं पुलिस लाइन, उप विकास आयुक्त सह परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री नागेन्द्र पासवान ने आईटीडीए कार्यालय, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा ने धालभूम अनुमंडल कार्यालय, घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ सुनील चंद्र, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने जिला जनसंपर्क कार्यालय समेत प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में बीडीओ एवं सीओ, थानों में थाना प्रभारी, गैर सरकारी संस्थान व शिक्षण संस्थानों में भी झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय झंडे को सलामी दी.
