भारत सेवाश्रम संघ : श्री त्रिशूल उत्सव पर 24 को शोभायात्रा
जनजातीय व धार्मिक सम्मेलन में शामिल होंगे अर्जुन मुंडा व सरयू राय, छात्र प्रस्तुत करेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
जमशेदपुर : भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंदजी महाराज की 131वीं जयंती के अवसर पर संघ के सोनारी परिसर में श्री श्री त्रिशुल उत्सव का तीन दिवसीय आयोजन 23 से 25 जनवरी तक होगा. उक्त जानकारी आज सोनारी शाखा के सचिव स्वामी मुक्तात्मानंदजी महाराज ने दी. उन्होंने बताया कि कई धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन होंगे. उन्होंने बताया कि 23 जनवरी को उत्सव का शुभारंभ प्रात: 10 बजे स्वामी पूर्णात्मानंदजी महाराज द्वारा केसरिया ध्वजारोहण के साथ होगा. इस दौरान बतौर अतिथि कोल्हान विवि की वाइस चांसलर अंजिला गुप्ता शामिल होंगी. संध्याबेला में भारत सेवाश्रम संघ प्रणवानंद विद्या मंदिर के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे. कार्यक्रम में स्वामी ध्यानेशानंदजी महाराज और स्वामी स्वामी जगन्नाथानंदजी महाराज बतौर अतिथि शामिल होंगे.
उन्होंने बताया कि दूसरे दिन, 24 जनवरी को धार्मिक शोभायात्रा सुबह 9 बजे सोनारी संघ परिसर से निकाली जाएगी, सोनारी एयरपोर्ट चौक से पुराना थाना रोड होते हुए कागलनगर होकर पुन: स्कूल परिसर आकर समाप्त होगी. अपराह्न 3.30 बजे जनजातीय सम्मेलन का आयोजन होगा. इसमें बतौर अतिथि राज्य के पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा शामिल होंगे. अन्य अतिथियों में संघ अन्य स्वामीजी शामिल होंगे. भारत सेवाश्रम संघ आवासीय बालिका विद्यालय, सुंदरनगर व स्कूल के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे. पत्रकार सम्मेलन में स्वामी सोमेश्वरानंदजी (श्रीधर) महाराज तथा कार्यक्रम संयोजक पीपी मौलिक भी मौजूद थे.
अन्नकूट 25 को, हजारों श्रद्धालु ग्रहण करेंगे प्रसाद
आयोजन के अंतिम दिन अन्नकूट महोत्सव होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे. इसके पूर्व प्रात: 9 बजे से धार्मिक गीत, वैदिक विश्व शांति यज्ञ आदि होगा. संध्या 6 बजे से धार्मिक सम्मेलन होगा, जिसमें बतौर अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय शामिल होंगे. अन्य अतिथियों में डा. गौतम सेनगुप्ता (टेक्नो इंडिया यूनिवर्सिटी, कोलकाता), प्रो. डा. चंद्रशेखर पांडेय (यूनिवर्सिटी ऑफ जर्मनी), स्वामी सौरभानंदजी महाराज भी शामिल होंगे. बाद में बंगला जात्रा ‘काली आमार मां’ की प्रस्तुति होगी.
