भक्तिमय संगीत के साथ निकली कलश यात्रा, रघुवर हुए शामिल
सिदगोड़ा सूर्यधाम के वर्षगांठ पर शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा समारोह शुरु, गुरुवार को बेदी पूजन
जमशेदपुर : सिदगोड़ा सूर्यधाम में श्री शिवलिंग की पुनस्र्थापना व प्राण प्रतिष्ठा, गरुड़ स्तंभ स्थापना और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर स्थापना के छठवीं वर्षगांठ पर आयोजित होनेवाले चार दिवसीय अनुष्ठान से पूर्व बुधवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई. बागुनहातु डोंगा घाट से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं जय श्री राम का उद्घोष करते हुए सिर पर कलश एवं नारियल लेकर शामिल हुई. बैंड-बाजे, भक्तिमय डीजे संगीत के साथ निकली कलश यात्रा में महिलाएं, बच्चे एवं युवा श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में नाचते-झूमते हुए एक साथ सिदगोड़ा सूर्यधाम पहुंचे.
कलश यात्रा के सबसे आगे टैंकर द्वारा पूरे रास्ते जल का छिडक़ाव किया गया. वहीं, माथे पर तिलक एवं हाथों में भगवा ध्वज लिए सूर्य मंदिर के पुजारी कलश यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे. इसके पीछे सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह समेत सभी पदाधिकारी चल रहे थे. सूर्य धाम शिवालय के चारों ओर कलशों को स्थापित किया गया. कलश स्थापना के पश्चात वेदचार्यो ने प्राण प्रतिष्ठा के निमित्त पञ्चांगपुजन किया, जिसमें पांच यजमानों ने सपत्नीक भाग लिया. कल गुरुवार को बेदी पूजन अग्गण्यूतारण एवं अधिवासन अनुष्ठान सम्पन्न होगा. कलश यात्रा में सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, महामंत्री अखिलेश सिंह, अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए.
