March 14, 2026

भू माफियाओं की करतूत : सरकारी योजना का स्थान बदलवाया

IMG-20260313-WA0012

पश्चिम घोड़ाबांधा का मामला : पूर्व में प्लॉट संख्या 315 चयनित, अब 316 में स्थानांतरित करने की गुपचुप योजना

जमशेदपुर : पश्चिम घोड़ाबांधा ग्राम पंचायत में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. भाजपा नेता अंकित आनंद ने ट्वीट के माध्यम से आरोप लगाया है कि भू-माफियाओं की बढ़ती सक्रियता के कारण मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की महत्वाकांक्षी योजना पर ग्रहण लग रहा है. कहा कि 7 मार्च को पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा योजना का शिलान्यास किया गया था. राजस्व उप निरीक्षक की जांच रिपोर्ट के अनुसार खाता संख्या 121 के अंतर्गत प्लॉट संख्या 315 (60 गुणा 40 वर्गफीट) को उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए चिन्हित किया गया था, लेकिन अब गुप्त रूप से योजना स्थल को बदलकर नजदीकी प्लॉट संख्या 316 पर स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है. अंकित ने आशंका जताई कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा भू-माफियाओं के पक्ष में पैरवी की जा रही है.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित उपायुक्त, बीडीओ तथा अंचलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए उच्च स्तरीय जांच कमिटी गठित करने की मांग की है. साथ ही संबंधित सभी भू-अभिलेखों की जांच कराने तथा ठोस और संतोषजनक कारण सामने आने तक योजना स्थल परिवर्तन पर रोक लगाने की मांग की गई है. अंकित ने कहा कि पंचायत भवन के आसपास सरकारी भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की भी शिकायत है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए.