April 28, 2026

पूर्वी सिंहभूम को मिले 51 चारपहिया व 89 दोपहिया वाहन, और बेहतर होगी ड्यूटी

IMG-20260313-WA0013

राज्य के थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने 636 चारपहिया व 849 दोपहिया वाहन वितरण

रांची : झारखंड में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. इस क्रम में पुलिस विभाग के लिए बड़ी संख्या में नए वाहनों, आधुनिक सुरक्षा उपकरणों तथा पुलिस भवनों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है. राज्य के सभी थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए 636 चार पहिया वाहन (महिन्द्रा बोलेरो) तथा 849 दो पहिया वाहन (टीवीएस अपाचे) मुख्यमंत्री ने झारखण्ड की आम जनता के सुरक्षार्थ राज्य के सभी जिलो के लिए वितरित किया. राज्य गठन के बाद पहली बार इतने बड़े पैमाने पर पुलिस वाहनों की आपूर्ति की गई है. इन वाहनों का उपयोग विशेष रूप से डायल 112, आपातकालीन सेवा के माध्यम से आम नागरिकों को समय पर सहायता पहुंचाने में किया जायेगा तथा राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी. इन वाहनों में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) को कुल 140 वाहन मिले हैं, जिसमें 51 चारपहिया तथा 89 दोपहिया शामिल है. प्रत्येक वाहन में वायरलेस सेट एवं एमटीडी टैब स्थापित किया जाएगा, जिससे वाहनों का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से सीधा सपर्क बना रहेगा तथा घटनास्थल से सबंधित सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान संभव होगा.
इन संसाधनों के समावेशन से आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना संभव हो सकेगा. इन वाहनों के संचालन से कमांड एंड कंट्रोल सेंटर द्वारा निकटतम उपलब्ध वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए प्रेषित किया जा सकेगा, जिससे गोल्डन ऑवर के दौरान त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित होगी. नए वाहनों एवं आधुनिक उपकरणों के समावेशन से डायल 112 प्रणाली की कार्यक्षमता एवं प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा. इससे डायल 112 प्रणाली और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ होगी, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा. सभी वाहनों को जीपीएस आधारित ट्रैकिंग प्रणाली से जोड़ा जाएगा, जिससे वाहनों की वास्तविक समय लोकेशन की निगरानी एवं नियंत्रण संभव होगा.

जिलावार आवंटित वाहनों की विवरणी
जिला चारपहिया दोपहिया
बोकारो 39 47
चाईबासा 40 47
चतरा 19 22
देवघर 28 39
धनबाद 40 45
दुमका 20 28
गढ़वा 21 29
गिरिडीह 32 39
गोड्डा 17 33
गुमला 22 29
हजारीबाग 28 42
पूर्वी सिंहभूम 51 89
जामताड़ा 14 18
खूंटी 14 12
कोडरमा 14 21
लातेहार 18 15
लोहरदगा 14 19
पाकुड़ 11 18
पलामू 31 36
रामगढ़ 13 19
रांची 88 73
साहिबगंज 14 27
सरायकेला-खरसावां 19 26
सिमडेगा 15 28
हेडक्वार्टर, रांची 14 42
कुल 636 849

राज्य के 12 जिलों में होगा संयुक्त पुलिस थाना निर्माण
पुलिस अवसंरचना के विकास के लिए राज्य के 12 जिलों में संयुक्त पुलिस थाना निर्माण झारखण्ड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लि. द्वारा किया जा रहा है, जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री ने किया. राज्य के 12 जिलों-दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, रांची, बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, गढ़वा, गिरिडीह, हजारीबाग और पलामू में जी+6 संयुक्त पुलिस स्टेशन तथा एएचटीयू थाना, साइबर थाना, एसटी/एससी थाना एवं महिला थाना को एक ही परिसर में स्थापित करने के लिए संयुक्त थाना भवन का निर्माण कराया जा रहा है.
साथ ही इस अवसर पर राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला में चयनित 09 वैज्ञानिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया है, जिससे काण्डों के वैज्ञानिक अनुसंधान में उल्लेखनीय सफलता हासिल होगी. संयुक्त पुलिस थाना भवन मानव तस्करी एवं साईबर अपराध पर कड़ी कार्रवाई, महिला एवं एससी/एसटी की सुरक्षा एवं कानूनी संरक्षण के लिए झारखण्ड वासियों के हित में और अधिक क्षमता से कार्य करेगा. आधुनिक तकनीक से लैस वाहन आम जन की सुरक्षा को और सुदृढ बनाएंगे.

You may have missed