June 16, 2026

Jamshedpur:टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत ‘मानव सेवा सम्मान’ से सम्मानित

IMG-20260616-WA0003

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सामाजिक सेवा के क्षेत्र में 25 वर्षों से निरंतर कार्य कर रहे प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) के निदेशक अरिजीत सरकार को प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर द्वारा “मानव सेवा सम्मान” से सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें स्वैच्छिक रक्तदान जागरूकता, जरूरतमंदों की सहायता तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया. अरिजीत सरकार के नेतृत्व में टीम पीएसएफ ने वर्षभर में 100 से अधिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया है. संस्था पिछले 15 वर्षों से प्रतिदिन लगभग 100 जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करा रही है. इसके अलावा सबसे बड़े एसडीपी रक्तदान अभियान के संचालन, सुदूरवर्ती गांवों में इज्जत घरों के निर्माण, आदिवासी एवं सबर परिवारों के उत्थान, शिक्षा जागरूकता, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और फर्स्ट एड प्रशिक्षण जैसे कई सामाजिक कार्यों में भी संस्था अग्रणी रही है.
टीम पीएसएफ ने कोल्हान क्षेत्र में 10 से अधिक ऐसे सामाजिक संगठनों को तैयार किया है, जिन्होंने 1000 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह वाले रक्तदान शिविर आयोजित किए हैं. गर्मी के मौसम में रक्त की कमी के दौरान संस्था ने मात्र पांच महीनों में 50 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कर रक्त संकट को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. संस्था द्वारा पहली बार टाइम बैंक एवं इमरजेंसी मेडिकल फंड बैंक जैसी अभिनव पहल भी शुरू की गई है.
सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक हुए अरिजीत ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए किसी बड़े रत्न सम्मान से कम नहीं है. यह सम्मान उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करेगा. प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष, महासचिव, वरिष्ठ पत्रकारों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया. अरिजीत सरकार ने इस सम्मान को अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय नीला सरकार को समर्पित करते हुए कहा कि समाजसेवा का मार्ग उन्हें अपनी मां से ही मिला था और छह माह पूर्व उनके निधन के बावजूद उनकी प्रेरणा आज भी उनके साथ है.

You may have missed