ट्रैफिक, पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने की मांग, जनसमस्याओं के समाधान को लेकर जदयू ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर : जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की. ज्ञापन में शहर में बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था, जाम की समस्या और चालान व्यवस्था को लेकर चिंता जताई गई. जदयू ने सीसीटीवी के माध्यम से ऑनलाइन चालान व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा यातायात पुलिस को ट्रैफिक प्रबंधन पर अधिक ध्यान देने की मांग की.पार्टी ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में लंबित स्ट्रीट लाइट योजना, खराब लाइटों के प्रतिस्थापन और नियमित कचरा उठाव नहीं होने का मुद्दा उठाया. इसके साथ ही जिले में गहराते पेयजल संकट, अनियमित जलापूर्ति तथा लोगों को देर रात पानी भरने की मजबूरी पर भी चिंता व्यक्त की गई. पार्टी ने मानगो में इनडोर और आउटडोर स्टेडियम निर्माण, जेएनएसी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में सुधार तथा जुस्को द्वारा पेयजल कनेक्शन देने में हो रही देरी को दूर करने की मांग की. पार्टी ने पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाने की भी मांग की.उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश देने का आश्वासन दिया. इस दौरान महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू, प्रकाश कोया, प्रेम सक्सेना, संजीव सिंह, राजेश प्रसाद समेत जदयू के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
