भविष्य के लिये जल संरक्षण करना सामूहिक जिम्मेवारी
जल महोत्सव पखवाड़ा का समापन, उपायुक्त ने किये मुखिया व जलसहियाओं को सम्मानित
जमशेदपुर : विश्व जल दिवस सह जल महोत्सव पखवाड़ा का समापन कार्यक्रम उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में हुआ. उपायुक्त ने कहा कि जल जीवन का आधार है और भविष्य की पीढिय़ों के लिए जल संरक्षण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल का दुरुपयोग रोकने तथा जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण अभियान को मजबूत करने पर बल दिया.
इस अवसर पर जिले में बेहतर कार्य करनेवाले जलसहियाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया. उपायुक्त ने जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा जनजागरूकता में जलसहियाओं की भूमिका की सराहना की. उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने जल संरक्षण की शपथ ली तथा दैनिक जीवन में जल बचाने के उपाय अपनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में जल संरक्षण से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई. कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर सहित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.
जनजागरुकता कार्यक्रम व गतिविधियों पर चर्चा
इस अवसर पर गत 8 से 22 मार्च तक आयोजित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जल संरक्षण, जल के समुचित उपयोग तथा योजनाओं के बेहतर रख-रखाव पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने इस दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जलसहियाओं को ग्रामीणों को नियमित रूप से जल शुल्क जमा करने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया. उपस्थित मुखिया एवं जलसहियाओं ने अपने-अपने पंचायत एवं गांवों में संचालित नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन, अनुभव एवं योगदान को साझा किया.
