March 15, 2026

Jamshedpur News : बागबेड़ा पंचायत में जन्म प्रमाण पत्र को लेकर ग्रामीणों की परेशानी, बीडीओ को सौंपा मांग पत्र

IMG_20260314_215034
  • पंचायत प्रतिनिधि और युवाओं ने उठाया मुद्दा, नए नियमों के कारण महीनों से भटक रहे लोग

. Jamshedpur/Jharkhand : जमशेदपुर के बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही समस्याओं को लेकर शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से समाधान की मांग की। इस संबंध में बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के उपमुखिया संतोष ठाकुर, भाजपा नेता सूरज ओझा और छात्र नेता वीरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) से मुलाकात की और उन्हें एक मांग पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ को बताया कि पिछले छह महीने से अधिक समय से ग्रामीण जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए मुखिया, पंचायत सचिव और आंगनबाड़ी सेविका के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

नए नियमों के कारण अटकी प्रक्रिया

ग्रामीणों ने प्रशासन को बताया कि जन्म प्रमाण पत्र के लिए टीकाकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। ऐसे में जिन बच्चों का जन्म 10 से 15 वर्ष पहले हुआ है, उनके पास टीकाकरण से जुड़ा दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, जिससे उन्हें प्रमाण पत्र बनवाने में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास आधार कार्ड, अभिभावकों के पहचान पत्र और विद्यालय द्वारा जारी बोनाफाइड प्रमाण पत्र जैसे कई दस्तावेज मौजूद हैं, फिर भी प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा है।

पंचायत क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने से बढ़ी परेशानी

बागबेड़ा पंचायत के उपमुखिया संतोष ठाकुर ने बीडीओ को बताया कि बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है, जिससे जन्म से जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत सचिव का जनहित के कार्यों के प्रति उदासीन रवैया लगातार देखा जा रहा है। इससे पहले भी कई बार ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर पुराने जन्म प्रमाण पत्र को ऑनलाइन मोड में अपडेट नहीं किया जा रहा है।

बीडीओ ने माना समस्या को जायज

ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने इस समस्या को वास्तविक और गंभीर माना। उन्होंने पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि विद्यालय द्वारा जारी बोनाफाइड प्रमाण पत्र को मूल दस्तावेज मानते हुए जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

ग्रामीणों को समाधान की उम्मीद

प्रशासन के इस निर्देश के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि अब लंबे समय से लंबित जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया जल्द पूरी हो सकेगी और पंचायत क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।

Also Read : शिक्षकों को मिली नए दृष्टिकोण व एआई पर जानकारी