June 26, 2026

Bistupur: ब्रह्मोत्सव में गूंजा ‘गोविंदा-गोविंदा’, भक्तों ने किया भगवान वेंकटेश्वर का स्वागत, बिष्टुपुर श्रीराम मंदिर में ब्रह्मोत्सव के दूसरे दिन मंदिर परिसर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

IMG-20260618-WA0013

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम में चल रहे श्री वेंकटेश्वर स्वामी ब्रह्मोत्सवम् का द्वितीय दिवस गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक दक्षिण भारतीय रीति-रिवाजों के बीच श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ. सुबह कार्यक्रम का शुभारंभ नित्यकातला पूजा और भगवान के अभिषेकम् से हुआ, जिसमें पंचामृत एवं पवित्र जल से भगवान का अभिषेक कर वैदिक मंत्रों के साथ विशेष आरती की गई. प्रात: ध्वजारोहणम् के साथ ब्रह्मोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हुआ. मंदिर ध्वज स्तंभ पर गरुड़ ध्वज स्थापित कर ‘गोविंदा-गोविंदा’ के जयघोष के बीच भक्तों ने उत्सव की शुरुआत का स्वागत किया.सायंकाल कलश स्थापना एवं चक्राधि मंडल पूजा सम्पन्न हुई. कलशों में पवित्र जल एवं औषधीय सामग्री रखकर देवशक्तियों का आवाहन किया गया, वहीं सुदर्शन चक्र सहित दिव्य आयुधों की पूजा कर नगर एवं भक्तों की रक्षा की कामना की गई. इसके पश्चात बली बीजरोपणम् एवं दिग्बंधनम् के माध्यम से समृद्धि, सृजन और यज्ञ स्थल की आध्यात्मिक सुरक्षा का संकल्प लिया गया. रात्रि में सूर्य प्रभा वाहन सेवा के साथ भव्य तिरुवीधि उत्सव निकाला गया, जिसमें भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी की शोभायात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजऱी. श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा एवं आरती कर भगवान का स्वागत किया. मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. मंदिर प्रबंधन के अनुसार आगामी दिनों में विभिन्न वाहन सेवाएं एवं 5 जुलाई को भव्य कल्याण महोत्सवम् का आयोजन किया जाएगा.