बिष्टुपुर श्रीराम मंदिरम के महासचिव दुर्गा प्रसाद का निधन
तेलुगु समाज में शोक की लहर, संक्रांति पर मंदिर का सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित आंध्रभक्त श्री राम मंदिरम कमेटी के महासचिव एवं तेलुगु समाज के सामाजिक कार्यकर्ता एस. दुर्गा प्रसाद शर्मा का निधन आज सुबह 8.25 बजे टाटा मेन हॉस्पिटल में हो गया. वे 11 जनवरी को निम्न रक्तचाप के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे. आज सुबह हार्ट अटैक एवं मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका देहांत हो गया. श्री शर्मा तेलुगु समाज में अपनी निस्वार्थ सामाजिक एवं धार्मिक सेवाओं के लिए काफी लोकप्रिय थे. वर्ष 2019 में उन्होंने एक नई टीम बनाकर मंदिर कमेटी का चुनाव लड़ा और भारी बहुमत से जीत हासिल की. उसके बाद लगातार दो कार्यकालों में वे मंदिर के विकास, सेवा एवं धार्मिक कार्यों में तन-मन-धन से जुड़े रहे. वे झारखंड तेलुगु ब्राह्मण संघम के सहायक सचिव, ए.डी.एल. सोसाइटी, आंध्रा एसोसिएशन तथा बाल गणपति विलास के भी सक्रिय सदस्य थे.
उनके निधन की सूचना मिलते ही मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बी. डी. गोपाल कृष्णा, डिप्टी प्रेसिडेंट जम्मी भास्कर सहित पूरी कमेटी, पदाधिकारी, मित्र एवं सैकड़ों श्रद्धालु अस्पताल पहुंचे. नम आंखों से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए अध्यक्ष बी. डी. गोपाल कृष्णा एवं डिप्टी प्रेसिडेंट श्री जम्मी भास्कर ने कहा कि श्री शर्मा का निधन राम मंदिर कमेटी एवं पूरे तेलुगु समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने मंदिर के विकास एवं समाज सेवा में जो योगदान दिया, वह सदैव याद किया जाएगा.
मंदिर कमेटी ने निर्णय लिया है कि कल 14 जनवरी को सुबह 10 बजे मंदिर गेट पर उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. साथ ही 14 एवं 15 जनवरी को सभी रंगारंग कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. इन दो दिनों में भक्त केवल पूजा-अर्चना एवं दर्शन कर सकेंगे. बताया गया कि कल, 14 जनवरी को सुबह 10 बजे उनके आवास बागबेड़ा के गणेश नगर, रोड नंबर 3 से अंतिम यात्रा निकलेगी और बिस्टुपुर पार्वती घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा. उनके परिवार में माता-पिता, दो भाई, पत्नी एवं दो पुत्र हैं.

