Ranchi Brown Sugar smugling : ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
रांची : नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई 7 अप्रैल की रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई. वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि नामकुम स्थित हाईटेंशन मैदान में पॉवरग्रिड के सामने कुछ युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर का कारोबार कर रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर एक नीले रंग की आई-10 कार, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल खड़ी देखी. कार में बैठे तीन युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमीज राज (27 वर्ष), मो. अब्दुल (25 वर्ष) और मो. जफीर उर्फ राजा उर्फ ऋषि (25 वर्ष) के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 6.4 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन, 4000 रुपये नकद, एक आई-10 कार, एक स्कूटी और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से संगठित गिरोह बनाकर ब्राउन शुगर की तस्करी करते थे. बरामद नकदी को भी नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त रकम बताया गया है. इस संबंध में नामकुम थाना में कांड संख्या 91/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से दो का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पहले भी विभिन्न मामलों में शामिल रहे हैं. इस कार्रवाई में नामकुम थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

