बर्मामाइंस : उपायुक्त ने समिति को दिया आश्वासन, धरना स्थगित
कंपनी गेट जाम करने के स्थान पर दुर्गापूजा मैदान में जनसभा कर लोगों को बताया कारण
जमशेदपुर : कंपनी के प्रदूषण और शहरी क्षेत्रों में बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं के खिलाफ बस्ती बचाओ संघर्ष समिति ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. रविवार को पहले चरण में उनके द्वारा टाटा कंपनी गेट का घेराव किया जाना था, लेकिन जिले के उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया. इसके बदले बर्मामाइंस स्थित दुर्गापूजा मैदान में जनसभा हुई, जिसमें वक्ताओं ने शहर की ज्वलंत समस्याओं को नागरिकों के बीच रखा.
समिति के सदस्य रामबाबू तिवारी ने इस दौरान शहर की प्रमुख समस्याओं को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि समिति ने इन समस्याओं के खिलाफ आंदोलन करने का मन बना लिया है. कहा कि टाटा कंपनी में प्रवेश करने वाले बड़े वाहनों के कारण सडक़ दुर्घटनाएं काफी बढ़ गई है. इन्हीं बड़े वाहनों के कारण शहरी सडक़ों में लगातार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है.
श्री तिवारी ने बताया कि उपायुक्त ने इस पूरे मामले में 10 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई का आश्वासन समिति को दिया है. उपायुक्त के हस्तक्षेप और आश्वासन के कारण ही आज कंपनी गेट को जाम नहीं किया गया. समिति ने स्पष्ट किया है कि अगर 10 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की पहल नहीं होती है, तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा और कंपनी गेटों को जाम किया जाएगा. मौके पर रामबाबू तिवारी, भाजपा नेता दिनेश कुमार, सतबीर सिंह सोमू, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अप्पा राव आदि ने सभा को संबोधित किया. मंच संचालन दीपक झा ने किया.

