October 22, 2025

त्रिपुरा में तैनात बीएसएफ जवान लालू का निधन, पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Screenshot_2025-09-15-21-03-52-54_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7

रायरंगपुर । मयूरभंज जिले के तिरिंग प्रखंड अंतर्गत लुपुंग पंचायत के रायबाड़ी गांव निवासी बीएसएफ जवान लालू मुर्मू का निधन ड्यूटी के दौरान त्रिपुरा में हो गया। वे बीएसएफ की 221 बटालियन में तैनात थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

सोमवार को जब बीएसएफ के जवान पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग रैली के रूप में शव के साथ गांव पहुंचे। आदिवासी परंपराओं के निर्वाह के बाद बीएसएफ जवानों ने राष्ट्रीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वीर जवान अमर रहे” के नारे गूंजते रहे।

शहीद लालू मुर्मू का जन्म 12 जून 1988 को हुआ था और उन्होंने 26 जुलाई 2010 को बीएसएफ ज्वाइन किया था। 15 वर्ष से अधिक की सेवा के बाद ड्यूटी पर रहते हुए वे शहीद हो गए। उन्होंने लुपुंखा प्राथमिक विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा, पांडुपानी हाई स्कूल और डीएल कॉलेज से +2 तक की पढ़ाई पूरी की थी।

परिवार में उनके पिता समैन मुर्मू, मां सालगे मुर्मू, पत्नी सुनीता मुर्मू, 12 वर्षीय पुत्र समैन (समाई) मुर्मू और 6 वर्षीय पुत्री हैं। शहादत की खबर सुनकर पिता शोकाकुल होकर अस्पताल में भर्ती हैं, वहीं मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

अंतिम संस्कार में तिरिंग के सामुदायिक विकास पदाधिकारी, तहसीलदार, प्रखंड अध्यक्ष मंधर सामद, जिला पार्षद परेश मुंडा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष श्रीयुत हेम्ब्रम, पीएस जीमामणि सुंडी समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी, बुद्धिजीवी और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।