April 12, 2026

Chaibasa Accident News : हाटगम्हरिया: खुशियां मातम में बदलीं, ‘टाटा मैजिक’ और बाइक की भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौत, एक की हालत नाजुक

Chaibasa Accident News

Chaibasa Accident News

हाटगम्हरिया/चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नुरदा टोला कुदापी गांव के पास शुक्रवार की देर रात एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हुई। एक मोटरसाइकिल और ‘छोटा हाथी’ (टाटा मैजिक) के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो किशोरों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है।

पारंपरिक कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हाटगम्हरिया के मुंडा शाही में भाजपा नेत्री सुमन बिरुवा के आवास पर आदिवासी हो समाज के पारंपरिक रीति-रिवाज “दुल सुनुम” कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। इसी समारोह में शामिल होने आए चार युवक—विपिन सिंकु, विक्रम सिंकु, भीम सिंह सिंकु और चंद्र मोहन सिंकु—देर रात एक ही हीरो एचएफ मोटरसाइकिल पर सवार होकर तालाब की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ब्लांडिया मार्ग पर पहुँचे, विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार टाटा मैजिक वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

hemkund-public-school

दो घरों के बुझ गए चिराग, एक जमशेदपुर रेफर

टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। विपिन सिंकु (17 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। विक्रम सिंकु (18 वर्ष) को इसे गंभीर अवस्था में चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। भीम सिंह सिंकु (23 वर्ष) को इसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए MGM जमशेदपुर रेफर किया गया है। चंद्र मोहन सिंकु को मामूली चोटें आई हैं और वह फिलहाल अपने गांव में ही है।

संवेदना व्यक्त करने पहुंचीं भाजपा जिला अध्यक्ष

हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने अस्पताल पहुँचकर घायल भीम सिंह सिंकु और उनके पिता सीताराम सिंह से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से घायलों के बेहतर उपचार सुनिश्चित करने की अपील की।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की हर संभावित पहलू से गहन जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। लगातार बढ़ती इन दुर्घटनाओं ने एक बार फिर जिले में यातायात नियमों की अनदेखी और सड़कों पर बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति सीमा नियंत्रित करने हेतु उचित उपाय करने की मांग की है।

You may have missed