Chakradharpur Road Accident : चक्रधरपुर बाईपास पर स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त, दो युवकों की मौत
Chakradharpur Road Accident
Chakradharpur/Jharkhand : उत्साह के साथ मनाया जाने वाला ‘मागे पर्व’ दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम दे गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर बाईपास स्थित भोया गांव के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। अनियंत्रित स्कूटी के पुलिया से टकराने के कारण हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।
रिश्तेदार के घर से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतकों की पहचान सिदीयू हाईबुरु (35) और मनोज लुगुन उर्फ मिलन (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बुधवार को मागे पर्व की खुशियां मनाने के लिए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जानमबेड़ा गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे। पर्व का आनंद लेने के बाद, गुरुवार सुबह दोनों अपनी स्कूटी से वापस अपने घर गुटाई लौट रहे थे।
पुलिया से टकराकर खेत में जा गिरे युवक
हादसा चक्रधरपुर बाईपास पर भोया गांव के पास स्थित एक कलभट्ट पुलिया के समीप हुआ। बताया जाता है कि स्कूटी की रफ्तार संभवतः अधिक थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे स्थित गहरे खेत में जा गिरे। दुर्घटना के दौरान आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों के अनुसार मनोज लुगुन उर्फ मिलन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। सिदीयू हाईबुरु की सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही टोकलो ओपी थाना प्रभारी मेघनाथ मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना के बाद गुटाई गांव में मातम पसरा हुआ है। पर्व की खुशियां मनाकर घर लौटने का इंतजार कर रहे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
