चार्टर्ड एकाउंटेंट हाथों में थामेंगे गेंद और बल्ला
क्रिकेट महोत्सव जेसीएपीएल 10-11 को ट्यूब मेकर्स क्लब में
जमशेदपुर : जमशेदपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सोसाइटी (जेसीएएस) द्वारा दो दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट जेसीएपीएल (जमशेदपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स प्रीमियर लीग) का आयोजन आगामी 10 एवं 11 जनवरी को ट्यूब मेकर्स क्लब ग्राउंड, टेल्को में होगा. इस वर्ष जेसीएपीएल में 6 पुरुष टीमें एवं 2 महिला टीमें भाग लेंगी. सभी टीमों का स्वामित्व शहर के विभिन्न चार्टर्ड अकाउंटेंट्स द्वारा किया जाएगा.
इस संबंध में सोमवार को बिष्टुपुर चैंबर भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जेसीएपीएल इवेंट डायरेक्टर सुगम सरायवाला और प्रेस संयोजक रवि गुप्ता ने बताया कि टीमों के संतुलन एवं पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के लिए विगत 27 दिसंबर को खिलाड़ी चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी, जिसके माध्यम से प्रत्येक टीम का गठन किया गया. आयोजन का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के बीच स्वास्थ्य, खेल भावना, आपसी सौहार्द एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है. पत्रकार सम्मेलन में जेसीएएस के अध्यक्ष मनीष मूनका, सचिव शिव चौधरी, कोषाध्यक्ष विनीत मेहता, रमाकांत गुप्ता, संजय गोयल, आनंद अग्रवाल, कशेलेंद्र दास, राकेश रोशन झा, धीरज प्रसाद, दया शंकर, रवि कुमार गुप्ता सहित अन्य सदस्य शामिल थे.
