March 16, 2026

Jharkhand Air Ambulance Engine Found : चतरा एयर एंबुलेंस हादसे के 21 दिन बाद जंगल में मिला विमान का इंजन

IMG_20260315_224157
  • सिमरिया के करमटांड जंगल में ग्रामीणों को मिला हादसे से जुड़ा अहम सुराग

Chatra/Jharkhand : झारखंड के चतरा जिले में हुए एयर एंबुलेंस हादसे से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सुराग घटना के 21 दिन बाद सामने आया है। सिमरिया थाना क्षेत्र के करमटांड जंगल में रविवार को ग्रामीणों को दुर्घटनाग्रस्त विमान का इंजन मिला, जिसके बाद पूरे मामले की जांच में नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ग्रामीण उस समय जंगल में महुआ चुनने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक भारी और क्षतिग्रस्त धातु के हिस्से पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर उन्हें पता चला कि यह किसी विमान का इंजन प्रतीत हो रहा है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

पुलिस ने इंजन को कब्जे में लेकर शुरू की जांच

सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम सिमरिया थाना से मौके पर पहुंची और इंजन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद इंजन को सुरक्षित कर लिया गया है और इसे जांच एजेंसियों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। यह इंजन मुख्य दुर्घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में मिला है।

Also Read : Jharkhand IAS Officers Property Disclosure : झारखंड कैडर के 155 IAS अधिकारियों ने सार्वजनिक की संपत्ति, कई राज्यों में जमीन-मकान

23 फरवरी को हुआ था दर्दनाक हादसा

गौरतलब है कि 23 फरवरी को इसी इलाके में एक एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। यह विमान एक मरीज को रांची से दिल्ली ले जा रहा था। हादसा इतना भीषण था कि विमान में सवार पायलट समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद से ही विमान के कुछ महत्वपूर्ण हिस्सों की तलाश की जा रही थी, लेकिन इंजन अब जाकर बरामद हुआ है।

कारणों की जांच में मिलेगी मदद

जांच एजेंसियों का मानना है कि विमान का इंजन मिलने से दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। विशेषज्ञ इंजन के तकनीकी पहलुओं की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि हादसा तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से हुआ था। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।

Also Read : पांच राज्यों में विस चुनाव की तिथि घोषित, मतगणना 4 मई को