October 21, 2025

हिंदी दिवस पर बच्चों ने दिखाया उत्साह, सभ्यता और संस्कृति की आत्मा है हिंदी : दिनेश कुमार

Screenshot_2025-09-13-19-05-53-95_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7

-सी पी समिति मध्य विद्यालय केबुल बस्ती ने मनाया हिंदी दिवस

जमशेदपुर। सीपी समिति मध्य विद्यालय, केबुल बस्ती में शनिवार को हिंदी दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय समिति सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष दिनेश कुमार और प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह ने माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्प अर्पित कर किया।

कार्यक्रम में बच्चों ने हिंदी साहित्य के महान कवियों और लेखकों—हरिवंश राय बच्चन, मुंशी प्रेमचंद, महादेवी वर्मा, रामधारी सिंह दिनकर, मैथिलीशरण गुप्त, व्योहार राजेंद्र सिन्हा और जगदीश व्योम—की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए हिंदी के महत्व को रेखांकित किया। शिक्षिका सीमा ने हिंदी दिवस मनाने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और हिंदी को मातृभाषा व संस्कृति की पहचान बताया।

विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा, “भारत विविधताओं से भरा हुआ देश है, जहां अलग-अलग धर्म, संस्कृति और भाषाएं एक साथ मिलकर एकता का उदाहरण पेश करती हैं। हिंदी वह भाषा है, जो पूरे देश को जोड़ने का काम करती है। हिंदी हमारी मातृभाषा ही नहीं बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और परंपरा की आत्मा है।”

बच्चों ने नृत्य और नाट्य मंचन के माध्यम से हिंदी की विशेषताओं को जीवंत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बच्चों से प्रश्नोत्तरी कर हिंदी पर जानकारी परखी और सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।इस अवसर पर शिक्षकों में अमित कुमार सिंह, त्रिलोचन कौर, सीमा, अर्चना सिंह, कौशिक दत्ता, हीरादास मानिकपुरी, अनुसुइया कुमारी, रेखा कुमारी, तारकेश्वरी देवी, ऋचा मिश्रा, रीता शर्मा, अन्नपूर्णा प्रदान, अनुष्का सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित थे।