March 28, 2026

चरमरा गई विधि व्यवस्था, शहर में रुक नही रहा अपराध : सांसद

IMG-20260115-WA0004

हाल के दिनों की घटनाओं से सबक लेकर समुचित कार्रवाई करें पुलिस

hemkund-public-school

जमशेदपुर : सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा है कि पूरे झारखंड की विधि व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. रांची से लेकर जमशेदपुर तक दिन दहाड़े हत्या और अपहरण आम बात हो गई है. उन्होंने कहा कुछ दिन पूर्व ही जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के गोकुलनगर में मात्र पांच सौ रूपये के मोबाइल के लिए जीत महतो की गैर कानूनी तरीके गिरफ्तारी की गई और पुलिस के हिरासत में उसकी मृत्यु हुई लेकिन पुलिस इस मामले में दोषियों पर आज तक कुछ नहीं कर पाई है.
तीन दिन पूर्व गालूडीह में भाजपा नेता ताराचंद महतो की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि ताराचंद महतो ने पुलिस प्रशासन को पूर्व में इस बाबत जानकारी दी थी कि उनकी जान को खतरा है फिर भी पुलिस कान में तेल डालकर सोए रही.
सांसद ने कहा कि बीते 13 फरवरी को दिनदहाड़े एक युवा उद्यमी कैरव गांधी की उपायुक्त एवं एसएसपी के आवास से कुछ ही दूरी पर बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया गया. इससे अधिक और भयावह स्थिति क्या हो सकती है?
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता पूरी तरह से बेबस और भगवान भरोसे हो गई है. कानून और विधि व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई है। आम जनता दहशत में है.
सांसद ने कहा कि इसके पूर्व भी दिन के उजाले में बिष्टुपुर गुरुद्वारा के पास बंदूक का भय दिखाकर लूट की गई और सोनारी में दिनदहाड़े अपराधी पिस्तौल दिखाकर स्वर्णव्यवसायी से गहना जेवर लूट कर चले गए. अपराध रुक नहीं रहा है, अपराधियों के मन में पुलिस के प्रति किसी प्रकार का कोई भय नहीं है. पूरा शहर ड्रग्स और शराब के गिरफ्त में आ गया है. सांसद श्री महतो ने कहा कि जिला पुलिस अविलंब इस मामले में समुचित कार्रवाई करे ताकि युवा उद्यमी कैरव गांधी को सकुशल वापस लाया जा सके.

You may have missed