March 24, 2026

Jamshedpur DC Ghatshila College Visit : घाटशिला कॉलेज में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने छात्रों से किया संवाद, बताए सफलता के सूत्र

IMG_20260323_183359
  • “जानें अपने जिला प्रशासक” कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मिली प्रेरणा, उत्कृष्ट छात्रों को उपायुक्त ने किया सम्मानित

Ghatshila (Jamshedpur)/Jharkhand : घाटशिला कॉलेज में आयोजित “जाने अपने जिला प्रशासक” कार्यक्रम के तहत उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने छात्र-छात्राओं के साथ “भविष्य की चुनौतियां और सफलता” विषय पर प्रेरक संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत के महत्व को समझाया।

सीमित संसाधन सफलता में बाधा नहीं : उपायुक्त

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि, मध्यमवर्गीय परिवार या सीमित संसाधन कभी भी सफलता की राह में रुकावट नहीं बनते। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति में मजबूत इच्छाशक्ति, ईमानदारी और निरंतर परिश्रम की भावना हो, तो वह किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकता है।उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपनी रुचि के अनुसार स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पाने के लिए लगातार प्रयासरत रहें। साथ ही उन्होंने चुनौतियों को अवसर के रूप में देखने और सकारात्मक मानसिकता बनाए रखने पर जोर दिया।

जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल अपने करियर तक सीमित न रहें, बल्कि परिवार, समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें। उन्होंने युवाओं से समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

छात्रों के सवालों पर मार्गदर्शन

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने सवाल और विचार साझा किए, जिनका उपायुक्त ने अपने अनुभवों के आधार पर विस्तार से जवाब दिया। इससे छात्रों को व्यावहारिक जीवन और करियर से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी मिली।

उत्कृष्ट छात्रों को सम्मान, परिसर में किया पौधरोपण

इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कॉलेज परिसर में पौधरोपण भी किया।

कई अधिकारी और गणमान्य लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चन्द्र, प्राचार्य डॉ. आर.के. चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी युनिका शर्मा, कार्यपालक अभियंता (विद्युत प्रमंडल, घाटशिला), जिला परिषद सदस्य सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कॉलेज प्रबंधन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त का आभार व्यक्त किया।

*Also Read : Karim City College Jamshedpur News : करीम सिटी कॉलेज में ‘विश्व मौसम दिवस’ पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आगाज, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर विशेषज्ञों ने जताई चिंता