दीपों की रौशनी, हर-हर गंगे के जयघोष से गूंजा सोनारी दोमुहानी
संगम महोत्सव में हरिद्वार के पुजारियों ने आरती, चंपाई, विद्युत, सरयू सहित कई पहुंचे
जमशेदपुर : मकर संक्रांति के अवसर पर सोनारी स्थित दोमुहानी संगम घाट पर आज ‘दोमुहानी संगम महोत्सव’ का आयोजन हिन्दू उत्सव समिति एवं उम्मीद एक अभियान के तत्वावधान में संपन्न हुआ. महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया. शहरवासियों को बनारस एवं हरिद्वार की तर्ज पर मां स्वर्णरेखा की भव्य आरती का दिव्य दर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा. इसका शुभारम्भ दोपहर 12 बजे विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ हुआ. महोत्सव में मेंहंदी प्रतियोगिता में 125 प्रतिभागियों तथा चित्रांकन प्रतियोगिता में 150 बच्चों ने भाग लिया.
प्रतियोगिताओं के पश्चात प्रसिद्ध भजन गायक सोनू दुलरूवा एवं देवेन्द्र पाण्डेय की टीम ने अपनी सुरीली भक्ति-प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया. भजनों की गूंज से पूरा संगम क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया. संध्या बेला में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मां स्वर्णरेखा की भव्य आरती संपन्न हुई. दीपों की रौशनी, हर-हर गंगे के जयघोष और श्रद्धा से भरे वातावरण ने संगम स्थल को अलौकिक आभा प्रदान की.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, विशेष अतिथि सांसद विद्युत महतो, विशेष अतिथि सह मुख्य वक्ता स्थानीय विधायक सरयू राय, विशेष अतिथि पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू आदि मौजूद थे.
51 हजार दीपकों से जगमगाया संगम स्थल
श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा संगम तट पर 51 हजार दीपक प्रज्वलित किए गए, जिससे संपूर्ण क्षेत्र दीपमालिका से आलोकित हो उठा और आध्यात्मिक सौंदर्य का अद्भुत दृश्य उपस्थित हुआ. कार्यक्रम के सफल संचालन में हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, प्रवक्ता सुखदेव सिंह, संरक्षक शिवशंकर सिंह, शंकर रेड्डी, उम्मीद एक अभियान से अमरनाथ सिंह, हेमंत सिंह, अविषेक, झरना देवी, शशि दीदी, संतोषी साहू, पूजा एवं दुर्गा देवी की सक्रिय भूमिका रही.
