March 24, 2026

देवघर पुलिस की ‘व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा’ जल्द

IMG-20260323-WA0004

जनता की सुरक्षा एवं सुविधा हेतु उठाया जा रहा कदम

देवघर : देवघर जिला मे जन सामान्य की बढ़ती सुरक्षा आवश्यकताओं एवं आधुनिक तकनीक के समुचित उपयोग को ध्यान में रखते हुए देवघर पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शीघ्र ही ‘व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा’ प्रारंभ की जा रही है. इस अभिनव व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को अधिक सुलभ, सरल, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाना है. इस डिजिटल पहल के माध्यम से देवघर के नागरिक अब घर बैठे ही पुलिस की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे. देवघर पुलिस की यह पहल न केवल पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाएगी, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद को भी सशक्त करेगी. यह कदम स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा. ‘व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा’ से संबंधित नंबर एवं उपयोग की विस्तृत प्रक्रिया की जानकारी शीघ्र ही देवघर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं समाचार पत्रों के माध्यम से साझा की जाएगी. देवघर पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम उपयोग करें तथा सुरक्षित, सशक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें.
इस चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को निम्नलिखित प्रमुख सुविधाएं उपलब्ध होंगी :

  1. खोई हुई मोबाइल की सूचना दर्ज कराने की सुविधा.
  2. यातायात नियमों, जाम की स्थिति एवं चालान संबंधी जानकारी प्राप्त करना.
  3. पुलिस वेरिफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र, नौकरी आदि की स्थिति की जानकारी.
  4. सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु सुझाव एवं फीडबैक दर्ज करना.
  5. अन्य आवश्यक सेवाओं एवं सूचनाओं तक पहुंच.