March 19, 2026

डिप्टी मेयर राहुल कश्यप ने मेयर सुधा गुप्ता से की शिष्टाचार मुलाकात

IMG-20260318-WA0008

मानगो के विकास को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

जमशेदपुर : मानगो नगर निगम के नव निर्वाचित डिप्टी मेयर राहुल कश्यप ने मेयर सुधा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की. इस मुलाकात के दौरान मानगो के समग्र विकास, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आगामी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सार्थक संवाद हुई. मुलाकात के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच नगर निगम के कार्यों की वर्तमान स्थिति, विभिन्न वार्डों में चल रही विकास योजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल संकट, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई. विशेष रूप से आनेवाले गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने, टैंकरों की संख्या बढ़ाने एवं पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया.
डिप्टी मेयर राहुल कश्यप ने कहा कि मानगो के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि समन्वय और सहयोग के साथ नगर निगम नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा.
वहीं मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. साथ ही उन्होंने डिप्टी मेयर सहित सभी पार्षदों एवं अधिकारियों से सामूहिक प्रयास के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि शहर को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित नगर के रूप में स्थापित किया जा सके. मेयर सुधा गुप्ता ने यह भी कहा कि नगर निगम द्वारा एक व्यवस्थित प्रणाली विकसित की जा रही है, जिसके माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा. इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, उपेंद्र सिंह मस्तान समेत अन्य लोग उपस्थित रहे.