दुर्गापुर स्टील प्लांट तक कनेक्टिविटी को बने नई सडक़
केन्द्रीय मंत्री गडकरी से मिलकर विद्युत ने सौंपा ज्ञापन
जमशेदपुर : सांसद विद्युत वरण महतो ने आज केंद्रीय सडक़ एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की एवं जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत सडक़ निर्माण से संबंधित विभिन्न ज्ञापन सौंपा. उन्होंने कहा कि एनएच-33 के समीप पारडीह काली मंदिर से पटमदा, काटिन, बंधवान, झिलमिली होते हुए बांकुड़ा तक एक नया सडक़ मार्ग प्रस्तावित होना अत्यंत आवश्यक है. यह सडक़ मार्ग पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्टील सिटी और टाटा स्टील (जमशेदपुर) के मध्य कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगा, जिससे टाटा स्टील (जमशेदपुर) से दुर्गापुर स्टील प्लांट तक सडक़ परिवहन एवं यातायात सुविधाओं में सुधार होगा.
एनएच-220 चाईबासा से हाता का विस्तार बॉम्बे चौकी तक करने का प्रस्ताव देते हुए सांसद महतो ने कहा वर्तमान में एनएच-220 चाईबासा से हाता तक विकसित है, परंतु क्षेत्रीय विकास, खनन एवं औद्योगिक गतिविधियों तथा निरंतर बढ़ते आवागमन को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग को आगे जादूगोड़ा, मुसाबनी, गुड़ाबांदा होते हुए ओडिशा राज्य के बंबई चौक तक विस्तारित करना अत्यंत आवश्यक हो गया है. इस विस्तार से इसे एनएच-18 से सुगमता से जोड़ा जा सकेगा, जिससे झारखंड और ओडिशा के बीच परिवहन नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा.

