October 18, 2025

देवघर की धरती पर पहुंचीं राष्ट्रपति‚ एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

president-of-india

देवघर। भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय झारखंड दौरे पर गुरुवार को देवघर पहुंचीं, जहां राज्यपाल संतोष सिंह गंगवार ने देवघर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया। उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने देवघर से लेकर रांची और धनबाद तक बेहद सख्त इंतजाम किए हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू के एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही स्निफर डॉग्स, मेटल डिटेक्टर, और बम डिस्पोजल स्क्वायड (BDS) को पूरी तरह अलर्ट मोड में तैनात कर दिया गया था। इसके साथ ही राष्ट्रपति के मूवमेंट रूट को नो-फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लेकर हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक और राजभवन के 200 मीटर दायरे तक यह सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसे अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची ने अधिसूचित किया।पहले दिन, राष्ट्रपति मुर्मू देवघर से सीधे एम्स पहुंचीं, जहां उन्होंने दीक्षांत समारोह में भाग लिया।

इसके बाद वह शाम 4 बजे देवघर से रांची के लिए रवाना हुईं और 5:25 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां से वह सीधे राजभवन गईं, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। इसी दौरान राष्ट्रपति की झारखंड के गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात भी तय है।दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को, राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 9:30 बजे रांची से दुर्गापुर के लिए रवाना होंगी, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा वह धनबाद पहुंचेंगी।

दिन के 11:10 बजे वह आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के 45वें दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। इस कार्यक्रम के बाद वह दोपहर 3:20 बजे दुर्गापुर लौटेंगी और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।पूरे दौरे को ध्यान में रखते हुए देवघर, रांची और धनबाद में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्थानीय प्रशासन और खुफिया विभाग ने हर लोकेशन पर पुख्ता बंदोबस्त किए हैं ताकि राष्ट्रपति की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।