गोपाल मैदान में तिरंगा लहराया‚ भावपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ समारोह

सर्च न्यूज़ सच के साथ – जमशेदपुर ने शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। शहर के ऐतिहासिक गोपाल मैदान में उपायुक्त करण सत्यार्थी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे, कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, झारखंड आंदोलनकारी, जिले के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी के 78 वर्षों के बाद देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है और झारखंड भी इस विकास यात्रा में बराबरी से शामिल है। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए नमन किया और झारखंड के निर्माता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और हालिया उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसके लिए हर स्तर पर निरंतर प्रयास जारी हैं।ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ यह समारोह गरिमामय एवं भावपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति की भावना और उत्साह का माहौल बना रहा, जिसमें बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी ने सक्रिय भागीदारी निभाई।