गीतकार संतोष आनंद की रचना सुन पुराने दिनों में खो गये लोग
बिष्टुपुर नरभेराम स्कूल के सभागार में हास्य कवि सम्मेलन में जुटे शहरवासी
जमशेदपुर : बिष्टुपुर नरभेराम हंसराज अंग्रेजी विद्यालय के कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में साहित्य, कला और संस्कृति को समर्पित संस्था ‘सुरभि’ द्वारा अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन आयोजित हुआ. समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सह समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. ‘सुरभि’ संस्था के प्रणेता, शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी गोविंद दोदराजका विगत 26 वर्षों से निरंतर इस काव्य परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं. होली की पूर्व संध्या पर आयोजित यह भव्य कवि सम्मेलन नगरवासियों के लिए हास्य और साहित्य का अनुपम उत्सव बन चुका है, जिसमें देश के अनेक दिग्गज कवि अबतक अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं.
आज मंच पर 85 वर्ष से अधिक आयु के वयोवृद्ध एवं सुप्रसिद्ध कवि संतोष आनंद की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही. अन्य आमंत्रित कवियों में ‘नेताजी लपेटे में’ कार्यक्रम से प्रसिद्ध डॉ. आदित्य जैन, मुन्ना बैटरी, हिमांशु बवंडर, चेतन, श्रद्धा एवं शशि श्रेया ने अपनी ओजपूर्ण एवं हास्यरस से परिपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में काफी संख्या में उपस्थित साहित्यप्रेमी श्रोताओं ने कवि सम्मेलन का भरपूर आनंद लिया और इस सफल आयोजन के लिए गोविंद दोदराजका के प्रति आभार जताया. सम्मेलन का संचालन डा. आदित्य जैन (कोटा, राजस्थान) ने किया.
