घाटशिला प्रखंड टीम ने चाकुलिया नगर पंचायत टीम को हराया
दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल कप का फाइनल रहा रोमांचक, सांसद ने किया पुरस्कृत
जमशेदपुर : दिशोम गुरु शिबू सोरेन तथा शहीद सुनील महतो की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल कप’ का भव्य समापन रविवार को हुआ. दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में पोटका, घाटशिला, चाकुलिया नगर पंचायत और जमशेदपुर प्रखंड की टीमों ने क्वार्टरफाइनल जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. सेमीफाइनल की बाधा पार कर चाकुलिया नगर पंचायत और घाटशिला प्रखंड की टीमें फाइनल में पहुंचीं, जहां कांटे की टक्कर में घाटशिला प्रखंड ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि पश्चिम सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, विधायक समीर मोहंती, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, विधायक सविता महतो और पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू थे. उनके साथ जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे. खेल से पूर्व महिला नेत्रियों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गई. अतिथियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी तथा 51000 एवं उपविजेता को 31000 प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. मौके पर सरायकेला जिलाध्यक्ष डा. सुभेंदु महतो, गणेश चौधरी, मोहन कर्मकार, राजू गिरी, प्रमोद लाल, वीर सिंह सुरेन, विक्टर सोरेन, सागेन पूर्ति, अरुण सिंह राजा, अरुण प्रसाद, प्रोफेसर चंद्रशेखर महतो, विजय महतो सहित अन्य मौजूद थे.

