गोलमुरी न्यू केबुल टाउन में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ 23 अप्रैल से
नौ दिनों तक होंगे प्रवचन, भंडारा और धार्मिक अनुष्ठान
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी क्षेत्र स्थित न्यू केबुल टाउन, सामुदायिक भवन मैदान में आगामी 23 अप्रैल से 1 मई तक श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन लक्ष्मीनारायण महायज्ञ समिति की ओर से किया जाएगा. उक्त जानकारी आयोजन स्थल में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने दी. समिति के रामबाबू तिवारी ने बताया कि 9 दिवसीय इस महायज्ञ के संरक्षक गुरुदेव श्री 108 जय मंगला बाबा हैं, जिनके सानिध्य में पूरा धार्मिक आयोजन संपन्न होगा. महायज्ञ का शुभारंभ 23 अप्रैल को कलश यात्रा के साथ होगा. यह यात्रा ओल्ड केबुल टाउन स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से प्रारंभ होकर यज्ञ स्थल तक निकाली जाएगी. बताया कि महायज्ञ कुल 9 दिनों तक आयोजित होगा. 23 अप्रैल को कलश यात्रा के पश्चात संध्याकाल में प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक भजन, कीर्तन एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जो 30 अप्रैल तक निरंतर चलेगा. वहीं, 1 मई को मुख्य यज्ञ, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन होगा. 1 मई को सुबह 9 बजे से रामार्चा पूजा भी संपन्न होगी.
समिति के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर ने बताया कि यज्ञ स्थल पर लक्ष्मी-नारायण भगवान की भव्य प्रतिमा के साथ 30×30 फुट का विशाल यज्ञशाला का निर्माण किया जा रहा है, जो पांच तल्लों के स्वरूप में तैयार होगा. उन्होंने बताया कि अनुष्ठान के लिए बनारस से प्रख्यात यज्ञाचार्य पंडित लाल मोहन शास्त्री शहर आएंगे. उनके साथ कुल 21 यज्ञाचार्य की टीम मौजूद रहेगी. पूरे यज्ञशाला परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा, जहां 108 देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी तथा विभिन्न धार्मिक प्रतिमाओं से पूरे परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा.
प्रेस वार्ता में आयोजन से जुड़े पोस्टर का विमोचन भी किया गया. कल, सोमवार सुबह 8 बजे नौ दिवसीय अनुष्ठान का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि-पूजन सम्पन्न होगा. प्रेस वार्ता में आयोजन के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर, रामरेखा सिंह, रामाकांत सिंह, रामबाबू तिवारी, बिपिन झा, रामस्वरूप सिंह, प्रेम झा व अन्य इस दौरान मौजूद रहे.
