Jamshedpur Politics : मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने दिल्ली में कांग्रेस प्रभारी के. राजू से की मुलाकात, क्या हुई बात-पढ़ें
Jamshedpur/Jharkhand : मानगो नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने हाल ही में हुए मानगो नगर निगम चुनाव में मिली जीत के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
विकास कार्यों को मिलेगी गति : बन्ना गुप्ता
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी पार्टी नेतृत्व को आश्वस्त किया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हमेशा से जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी इसी भावना के साथ काम किया जाएगा।
कांग्रेस प्रभारी ने दी जीत की बधाई
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने मेयर पद पर जीत के लिए सुधा गुप्ता को बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मानगो नगर निगम विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने और जनता के बीच सक्रिय रहकर कार्य करने का आह्वान भी किया।
संगठनात्मक रणनीति पर भी हुई चर्चा
इस मुलाकात के दौरान झारखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन को मजबूत करने की रणनीति और आने वाले समय में पार्टी की गतिविधियों को तेज करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देकर संगठन और सरकार दोनों स्तर पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
