DC East Singhbhum:ऑन-स्ट्रीट पार्किंग बनी चुनौती, समाधान पर प्रशासन का फोकस, यातायात व्यवस्था सहित अतिक्रमण पर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, बिंदूवार दिये निर्देश
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर : उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में चौक-चौराहों पर अवैध पार्किंग, अवैध निर्माण कार्य, सडक़ अतिक्रमण, नदी-नालों पर अतिक्रमण तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने को लेकर समीक्षा बैठक हुई. उपायुक्त ने सडक़ किनारे संचालित ठेला-गुमटी एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने तथा वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने ऑटो परिचालन को नियमित एवं व्यवस्थित करने के लिए साकची में ऑटो स्टैंड को मुलभूत सुविधा से युक्त करने, ऑटो स्टैंड में रूटवार एवं जोनवार ऑटो स्टैंड चिन्हित करने का निर्देश दिया. कहा कि प्रत्येक रूट की ऑटो निर्धारित स्थल से ही संचालित हो. साथ ही ऑटो चालकों के लिए स्टैंड में शेड, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था विकसित करने को लेकर जेएनएसी एवं जुस्को को संयुक्त रूप से समाधान तैयार करने को कहा.बैठक में चौक-चौराहों एवं मुख्य सडक़ों के बीच ऑटो खड़ा कर सवारी बैठाने-उतारने की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने यातायात पुलिस को नियमित जांच अभियान चलाने तथा अन्य क्षेत्रों के परमिट पर संचालित ऑटो वाहनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही ऑटो चालकों के लिए ड्रेस कोड लागू करने, सभी ऑटो में किराया सूची प्रदर्शित करने तथा सुरक्षा की दृष्टि से ऑटो के दाहिने हिस्से को बंद रखने संबंधी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. शहर में पार्किंग स्थलों की कमी के कारण ऑन-स्ट्रीट पार्किंग एक बड़ी समस्या बन गई है. बैठक में सिटी व ग्रामीण एसपी, एसडीओ धालभूम और घाटशिला, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीएसपी यातायात पुलिस एवं अन्य संबंधित विभाग और एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए. सर्विस रोड पर नहीं होगी पार्किंग, बन रही योजनापीएम मॉल के बाहर संचालित पार्किंग को अन्य उपर्युक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए जेएनएसी एवं टाटा लैंड डिपार्टमेंट को समन्वित कार्रवाई करने को कहा गया. वहीं बिंदल मॉल के बाहर सर्विस रोड पर पार्किंग रोकने तथा मॉल परिसर के भीतर उपलब्ध पार्किंग सुविधा का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई. साकची क्षेत्र में बनेगा वेंडिंग जोन, हटेगा अतिक्रमणसाकची क्षेत्र में वेंडिंग जोन विकसित करने, साकची बाजार के अंदर से सडक़ तक फैले हॉकर्स के अतिक्रमण को हटाने तथा व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने पर भी विचार किया गया. साथ ही नदी- नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाने हेतु टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया गया. निर्देश दिया कि कार्रवाई से पूर्व संबंधित लोगों को सूचना दी जाए तथा नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की जाए. घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में भी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला को दिया गया.
