February 11, 2026

गोपाल मैदान में बुधवार को गूंजेगे झुमर सम्राट संतोष महतो के गीत

IMG-20260121-WA0002

झारखंड वासी एकता मंच लगाएगा विशाल टुसु मेला, जुटेंगे तीन राज्यों के लाखों लोग

जमशेदपुर : झारखंड वासी एकता मंच की ओर से कल, 21 जनवरी (बुधवार) को बिष्टुपुर के ऐतिहासिक गोपाल (रीगल) मैदान में विशाल टुसु मेला का आयोजन किया जाएगा. मेला का आकर्षण टुसु की विशाल प्रतिमा व लंबे लंबे चौड़ल होते हैं. आयोजकों के अनुसार गत वर्ष टुसु व चौड़ल की संख्या 350 से अधिक थी, जो इसबार और बढऩे की उम्मीद है. मैदान में मंच बनकर तैयार है तथा पूरे मैदान में लाइटिंग कर दी गई है. बताया गया कि सुबह से 8-9 बजे से ही मैदान में टुसुप्रेमी प्रतिमा व चौड़ल लेकर पहुंचना शुरु कर देते हैं, लेकिन इंट्री 10 बजे से दी जाएगी. मुख्य समारोह अपराह्न 2 बजे से होगा. ज्ञात हो कि उक्त मेले में कोल्हान समेत रांची, तमाड़, बुंडू, सिल्ली सहित कई जिलों के संस्कृतिपे्रमियों का जुटान यहां होता है. सात ही ओडि़सा व पश्चिम बंगाल के कई जिलों के लोग भी शिरकत करते हैं.
मंच के मुख्य संयोजक आस्तिक महतो तथा सांसद सह मंच के संयोजक विद्युत वरण महतो ने बताया कि समारोह का शुभारंभ झारखंड के लिये शहीद होनेवाले वीर तथा मेले आयोजन में अहम भूमिका निभानेवाले मंच के पूर्व पदाधिकारियों (अब स्वर्गीय) की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी. इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी काफी आकर्षण का केन्द्र होता है. इस वर्ष झुमर सम्राट संतोष महतो अपने साथी कलाकार व डांस टीम के साथ अपनी जलवा बिखेरेंगे. झुमर संगीत के क्षेत्र में संतोष महतो का नाम काफी प्रसिद्ध है.
उन्होंने बताया कि इस वर्ष से मंच ने टुसु व चौड़ल के पुरस्कार राशि में भी बढ़ोत्तरी की है. टुसु प्रतिमा के लिए कुल सात पुरस्कार रखे गए हैं, जिसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में 41 हजार रुपए दिए जाएंगे. दूसरे स्थान पर 35 हजार, तीसरे को 31 हजार, चौथे को 25 हजार और पांचवे स्थान पर 20 हजार रुपए मिलेंगे. चौड़ल के लिए प्रथम पुरस्कार 31 हजार, दूसरे को 25 हजार, तीसरे को 21 हजार और चौथे को 15 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे. वहीं बूढ़ी गाड़ी नाच में चार पुरस्कार रखे गए हैं, जिसमें प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपए है. दूसरा पुरस्कार 11 हजार, तीसरा 7 हजार व चौथा पुरस्कार 5 हजार रु. है.