February 11, 2026

गोपाल मैदान में होगा जिलास्तरीय समारोह, सुबह 9:05 बजे झंडोतोलन

IMG-20260105-WA0001

● परेड में शामिल होंगे 8 प्लाटून, विभिन्न विभागों द्वारा निकाली जाएगी आकर्षक झांकियां

● 20 से 22 जनवरी तक होगा परेड का पूर्वाभ्यास, 24 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल

जमशेदपुर : गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलास्तरीय समारोह की तैयारी को लेकर समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में बैठक हुई. जिलास्तरीय समारोह का आयोजन गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में होगा. उप विकास आयुक्त द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागीय पदाधिकारी को दायित्व सौंपा गया. उन्होने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलास्तरीय समारोह भव्यता से मनाया जाएगा. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को टाउन हॉल, सिदगोड़ा में सांस्कृतिक समारोह के आयोजन का निर्णय लिया जिसमें विभिन्न स्कूल के बच्चों द्वारा देश प्रेम से ओतप्रोत गीत-संगीत पर प्रस्तुति दी जाएगी.
उक्त समारोह में इस वर्ष एक प्लाटून जैप-6, दो प्लाटून जिला पुलिस बल, 1 प्लाटून जिला गृह रक्षक तथा दो प्लाटून एन.सी.सी (महिला/ पुरूष) के अलावा स्काउट एंड गाइड के दो प्लाटून को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है. बताया गया कि परेड का पूर्वाभ्यास 20 और 21 जनवरी को पुलिस लाइन गोलमुरी, 22 जनवरी को गोपाल मैदान तथा 24 जनवरी को परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल गोपाल मैदान में किया जाएगा, जिसका निरीक्षण जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से करेंगे. गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी सरकारी भवनों, कार्यालयों में झंडोतोलन का निर्देश दिया गया. साथ ही महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों की साफ सफाई किए जाने का निर्देश दिया गया. समारोह स्थल की ससमय साफ-सफाई एवं आवश्यक तैयारी के लिए जेएनएसी को जुस्को प्रबंधन से समन्वय बनाने, आगंतुकों के बैठने की उचित व्यवस्था, एंबुलेंस, अग्निशामक आदि व्यवस्था संबन्धी दायित्व सौंपते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया. बैठक में एसडीएम धालभूमअर्नव मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, एसओआर राहुल जी आनंद जी, नजारत उप समाहर्ता डेविड बलिहार, डीटीओ धनंजय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीईओ मनोज कुमार समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, विभागीय पदाधिकारी व निजी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए.