ग्राहक जागरण पखवाड़ा व गौ सेवा कार्य का उद्घाटन
बिरसानगर में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की पहल
जमशेदपुर : अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा आयोजित ‘ग्राहक जागरण पखवाड़ा’ का उद्घाटन संगठन के जिलाध्यक्ष पप्पू सिंह के आवास बिरसानगर में संपन्न हुआ. मौके पर टाटानगर गोशाला ट्रस्ट, घाघीडीह में उपाध्यक्ष ऐंजिल उपाध्याय ने गौ माता को भोजन करा कर गौ सेवा कार्य भी किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण आयाम सह प्रमुख वंदना द्वारा ग्राहक गीत गाकर हुआ. इसके उपरांत प्रांत उपाध्यक्ष ऐंजिल उपाध्याय ने संगठन मंत्र का वाचन किया. कार्यक्रम में ग्राहक जागरण पखवाड़े की महत्ता एवं आगामी गतिविधियों पर चर्चा की गई.
मौके पर जिला पर्यावरण आयाम प्रमुख कुमार अमलेंदु ने ग्राहक जागरण पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित होनेवाले कार्यक्रमों की जानकारी दी. प्रांत संगठन मंत्री वी. प्रभु ने संगठन का संक्षिप्त परिचय देते हुए ग्राहक पंचायत की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया. जिलाध्यक्ष पप्पू सिंह ने ग्राहक जागरण पखवाड़े के निमित्त आयोजित होनेवाले कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न करने की योजना पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ किया गया. मौके पर प्रांत महिला आयाम प्रमुख रूबी लाल, जिला सह सचिव रोहित, जिला रोजगार आयाम प्रमुख मनोज लकड़ा, विजयलक्ष्मी वेदुला, रीना परितोष, जिला पर्यावरण सह-प्रमुख वंदना शर्मा सहित ग्राहक पंचायत की महिला सदस्या एवं कई जागरूक नागरिक भी उपस्थित रहे.

